भाजपा ने कमर कसी: निजी स्कूल में बैठक रखी...!
उज्जैन। मिशन-2023 के लिए भले ही कांग्रेस अभी तक प्रत्याशी भी घोषित नहीं कर पाई है। किन्तु भाजपा ने 4 कदम आगे चलकर, जीत की रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। तभी तो बुधवार को एक निजी स्कूल में गोपनीय बैठक हो गई। जिसमें सभी विधानसभाओं के लिए रणनीति तैयार हुई। इस बैठक में संघ के पदाधिकारी भी मौजूद थे। जो इस बात की तरफ इशारा है कि ... मिशन-2023 के सारे सूत्र संघ के हाथ में ही रहेंगे।
जिले की सातों विधानसभा को लेकर बुधवार की दोपहर यह बैठक हुई। बैठक बहुत गोपनीय थी। जिसमें चुनिंदा लोगों को बुलाया गया था। माधव नगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित निजी स्कूल में बैठक रखी गई थी। जो कि करीब 2 घंटे तक चली। इस बैठक में भाजपा नगर जिलाध्यक्ष विवेक जोशी के अलावा विभाष उपाध्याय, प्रदीप पांडे व संजय अग्रवाल शामिल थे। ऐसा भाजपा के सूत्रों का कहना है। बैठक में इसके अलावा संघ के करीब 1 दर्जन से ज्यादा अनुषांगिक संगठन शामिल थे। जो कि हमेशा पर्दे के पीछे काम करते है।
सूत्रधार ...
भाजपा में इस बैठक के बाद दबी जुबान से चर्चा है। सातों सीटो पर चुनावी प्रबंधन कैसे और क्या होगा? इसको लेकर अब संघ गंभीर है और मैदान में आ गया है। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि इस 2 घंटे की बैठक में ... संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। जिन्होंने सभी की बात सुनी। भाजपाईयों की बात पर अगर यकीन किया जाए तो ... संघ ने इस बैठक में आर्थिक व सामाजिक दृष्टिकोण पर विशेष ध्यान दिया है। तभी तो भाजपाई यह मान रहे है कि ... मिशन-2023 के सारे सूत्र संघ के हाथों में रहेंगे।
प्रत्याशी भी पहुंचे...
भाजपा के भरोसेमंद सूत्रों का कहना है। इस बैठक में दक्षिण विधानसभा से घोषित प्रत्याशी डॉ. मोहन यादव भी पहुंचे थे। वह दूसरी पंक्ति में कुछ देर बैठे। फिर अचानक ही बैठक शुरू होने से पहले निकल गये। अब ऐसा क्यों हुआ? इसको लेकर भाजपा के सूत्रों ने चुप्पी साध रखी है।