16 नवंबर 2026 (हम चुप रहेंगे)

एक हुनर है चुप रहने का, एक ऐब है कह देने का |

16 नवंबर 2026 (हम चुप रहेंगे)

कुंडली में कौन बैठा है? एक के पीछे कैमरा, दूसरे के पीछे वजनदार ग्रह!

मंदिर से विकास भवन तक इन दिनों ज्योतिष का बाजार गर्म है। चर्चा कामकाज की कम और ग्रहों की ज्यादा हो रही है। सलाह दी जा रही है कि अपने फटाफट जी और इन्दौरीलाल एक बार कुंडली जरूर दिखा लें। क्योंकि दोनों की ग्रहदशा कुछ ऐसी चल रही है कि मेहनत कोई और दिशा में होती है और बदनामी किसी दूसरे रास्ते से चली आती है। पहले फटाफट जी की बात कर लेते हैं। बेचारे दस दिनों से सुबह से शाम तक मंदिर में डेरा डाले हैं। निगरानी ऐसी कि लगता है मंदिर की हर ईंट से व्यक्तिगत परिचय हो गया हो। लेकिन चांदी गेट है कि रोज कोई नया वीडियो लेकर हाजिर हो जाता है। अब इसे राहु की दशा कहें या कैमरों की कृपा, समझ से बाहर है। जितना पहरा बढ़ता है, उतनी ही नई तस्वीरें सामने आने लगती हैं। इधर इन्दौरीलाल की कुंडली में अपने वजनदार ग्रह ने प्रवेश कर लिया है। ग्रह का प्रभाव इतना प्रबल बताया जा रहा है कि उनकी चर्चा काम से ज्यादा सुर्खियों में होने लगी है। अब यह ग्रह कौन है और किस भाव में बैठा है, इसका खुलासा तो ज्योतिषी ही कर पाएंगे। हमारी तो दोनों को छोटी-सी सलाह है। ग्रहशांति जरूर करवाइए, लेकिन साथ में व्यवस्थाओं की भी शांति करवा लीजिए। क्योंकि जनता को कुंडली के ग्रह नहीं, जमीन पर काम दिखाई देता है। बाकी ग्रहों का दोष है या व्यवस्था का खेल, यह दोनों जानें। हम तो अपनी आदत के मुताबिक चुप हैं।

चौराहे पर लेबर की तलाश थी, उम्मीद जी को मिल गए इन्दौरीलाल!

रविवार का दिन था। उम्मीद जी अपने रोजमर्रा के निरीक्षण धर्म का पालन कर रहे थे। अधिकारियों से काम की प्रगति पूछी जा रही थी। तभी किसी ने बड़ी मासूमियत से समस्या रख दी कि काम तो तेजी से करना चाहते हैं, लेकिन लेबर ही नहीं मिल रही। अब उम्मीद जी क्या करते, समस्या गंभीर थी और समाधान की तलाश जारी थी। काफिला मां कालिका चौराहे पहुंचा तो वहां अपने इन्दौरीलाल पहले से मौजूद थे। पैर में तकलीफ के चलते इन दिनों चलने-फिरने में परेशानी है। बस, उम्मीद जी की नजर पड़ी और उनकी हाजिरजवाबी को जैसे बैटिंग के लिए खुला मैदान मिल गया। चुटकी लेने में पीएचडी कर चुके उम्मीद जी ने तत्काल सवाल दागा— लेबर नहीं मिल रही तो तुम आ गए! फिर क्या था! चौराहा ठहाकों से गूंज उठा। काम की समीक्षा कुछ देर के लिए हंसी की समीक्षा में बदल गई। इधर इन्दौरीलाल भी मुस्कुराते रहे। न पलटकर जवाब देने की स्थिति, न वहां से खिसकने की सुविधा। पैर ने साथ नहीं दिया और उम्मीद जी का तंज सीधा निशाने पर लगा। वैसे त्यागी जी से मुन्ना भैया बनने की तैयारी में जुटे इन्दौरीलाल को अब समझ आ गया होगा कि निरीक्षण के दौरान सिर्फ काम का हिसाब नहीं देना पड़ता, कभी-कभी अपनी मौजूदगी का औचित्य भी बताना पड़ जाता है। उम्मीद जी ने तो एक वाक्य में पूरी बैठक का मनोरंजन कर दिया। इन्दौरीलाल मुस्कुराकर रह गए और हम अपनी आदत के मुताबिक चुप हो जाते हैं!

उड़नखटोले की टिकट कटी, अरमानों की उड़ान धड़ाम!

कुछ सपने ऐसे होते हैं, जिनके टूटने की आवाज बाहर सुनाई नहीं देती, लेकिन भीतर तक गूंजती है। ऐसे ही एक नाजुक सपने के शिकार हुए हैं अपने हवा जी! शिवाजी भवन के गलियारों में चर्चा है कि हवा जी ने मन ही मन दिल्ली दरबार का पूरा दृश्य सजा लिया था। राजधानी जाएंगे, अपनी आंखों से पुरस्कार वितरण का नजारा देखेंगे, शायद खुद भी सम्मान लेते हुए तस्वीरों में नजर आएं। मौका और माहौल अनुकूल हुआ तो मंच साझा करने का सौभाग्य भी मिल जाए। आखिर तैयारी कोई छोटी-मोटी नहीं थी। उड़नखटोले की टिकट तक बुक हो चुकी थी। लेकिन वक्त को शायद यह मंजूर नहीं था। अचानक टिकट रद्द हुई और दिल्ली की उड़ान से पहले ही अरमानों की उड़ान जमीन पर आ गिरी। अब न राजधानी का नजारा, न पुरस्कार की चमक और न मंच की रौनक! बेचारे हवा जी! उनके मन पर क्या बीत रही होगी, इसका अंदाजा वही लगा सकते हैं। हम तो बस इतनी ही प्रार्थना कर सकते हैं कि अगली बार टिकट के साथ किस्मत की कन्फर्मेशन भी हो जाए। फिलहाल शिवाजी भवन वालों की बात सुनकर हम भी उनके दुःख में सहभागी हैं। आखिर किसी के सपनों की फ्लाइट कैंसिल होना छोटी बात तो है नहीं! हवा जी, हौसला रखिए... दिल्ली दूर नहीं है, बस इस बार उड़ान नहीं हो पाई। बाकी, उनकी पीड़ा में हम भी अपनी पुरानी आदत के मुताबिक चुप हो जाते हैं!

नाइट सूट में निकले जनसेवक, लिफाफे ने निभाई सेवा!

चार लोगों की मौत हुई तो प्रशासन की कुंभकर्णी नींद आखिरकार टूट ही गई। नींद ऐसी टूटी कि बड़े-बड़े होटलों के फूड वेस्ट टैंकों की जांच शुरू हो गई। जंतर-मंतर के आगे स्थित एक बड़े होटल पर भी जांच की गाज गिरी। गड़बड़ी मिली, जुर्माना लगा और होटल सील कर दिया गया। कानून ने अपना काम किया, लेकिन फिर शुरू हुआ सियासत और रसूख का असली खेल! होटल संचालक ने एक माननीय का दरवाजा खटखटाया। माननीय ने बीच-बचाव किया और सील खुलवाने में अपनी भूमिका निभाई। इसके बाद जनसेवा का एक और अध्याय लिखा गया। अलसुबह, जब शहर नींद में था, माननीय नाइट सूट में ही होटल संचालक के पास पहुंच गए। न कोई तामझाम, न सुरक्षा का लवाजमा, न सरकारी गाड़ी का रौब! आखिर मामला गोपनीय सेवा का जो था! चर्चा है कि वहां से एक मोटा लिफाफा लेकर माननीय वापस लौट आए। अब यह लिफाफा किस सेवा का पारिश्रमिक था और किसका आभार, यह तो माननीय ही बेहतर बता सकते हैं। हालांकि, इसके बाद उनकी खामोशी बहुत कुछ कहती नजर आ रही है। वैसे माननीय, जनता ने आपको जनसेवा के लिए चुना था, अलसुबह लिफाफा सेवा के लिए नहीं। कुर्सी की गरिमा और नाइट सूट की जेब के बीच का फर्क समझिए। लेकिन माननीय चुप हैं... तो हम भी चुप हो जाते हैं। आखिर चुप रहने का भी अपना एक प्रोटोकॉल होता है!

अकाउंट में डाले... जेब से निकाले! बोनस का ऐसा खेल कि कम्पनी भी वाह-वाह कर उठे!

मंदिर की स्वच्छता संभालने वालों ने कमाल कर दिया। न हींग लगी, न फिटकरी और कमाई का इंतजाम अलग! रोशनी के पर्व पर कर्मचारियों को बोनस देने की परंपरा निभाई गई। जिसका जितना बनता था, उसके खाते में रकम पहुंच गई। लेकिन असली दिवाली तो इसके बाद शुरू हुई। चर्चा है कि दो सुपरवाइजरों ने कर्मचारियों को अलग-अलग बुलाया और फरमान सुना दिया कि गलती से खाते में ज्यादा बोनस चला गया है। लिहाजा अपने खाते से रकम निकालकर नगद जमा कराओ। बेचारे कर्मचारी करते भी क्या? नौकरी की मजबूरी थी, सो किसी ने दो हजार तो किसी ने तीन हजार रुपये निकालकर थमा दिए। अब सवाल दो हैं। पहला, क्या कोई कम्पनी बोनस की गणना में इतनी बड़ी गलती कर सकती है? दूसरा, अगर गलती हुई थी तो रकम नगद क्यों वसूली गई? ऑनलाइन वापस क्यों नहीं ली गई? सबसे बड़ा सवाल यह कि गरीब कर्मचारियों की जेब से निकली रकम का हिसाब किसके पास है? ताज्जुब है कि अपने फटाफट जी तक इसकी खबर नहीं पहुंची! उम्मीद है, वे इस मामले में चुप्पी नहीं तोड़ेंगे, बल्कि जांच करवाकर सच सामने लाएंगे। आखिर बोनस कर्मचारियों के लिए था या किसी की जेब की दिवाली रोशन करने के लिए?खाते में पैसा डालना कम्पनी का काम था, तो जेब से निकलवाने का अधिकार सुपरवाइजरों को किसने दिया? जांच होनी चाहिए, क्योंकि गरीब की मेहनत की कमाई कोई बोनस समझकर नहीं बांट सकता!बाकी खुलासा जांच में होगा।तब तक हम अपनी आदत के अनुसार चुप हो जाते हैं।

चौकीदार पकड़ा गया... बाकी खिलाड़ी किसकी शरण में गए

घटना दिवाली के दो-तीन दिन बाद की है। कमलप्रेमियों के गलियारों में खूब चर्चा है। कहते हैं, हर गलत काम के लिए बाहर एक चौकीदार बैठाया जाता है, जिसका काम सिर्फ एक ही होता है— खतरा दिखते ही खबर देना, बाकी सबको भागने का मौका देना! पिछले दिनों एक वर्दी स्टेशन पर फेरबदल हुआ। नए मुखिया के साथ दो स्टारधारी भी आए। वही दो स्टारधारी, जो पहले के स्टेशन पर बाहर टीन के अलग शेड में बैठकर अपना कामकाज चलाते थे। उनको कानीपुरा से सूचना मिली तो स्टेशन मुखिया को खबर कर दबिश दे दी। शायद उन्हें पता नहीं था कि 52 पत्ती का खेल पतझड़-सावन-बसंत के नाम पर बाहर चल रहा है। नौ वाहन पकड़े गए, लेकिन हत्थे सिर्फ चौकीदार लगा। चौकीदार अहिल्याबाई नगरी का निवासी बताया जाता है। वर्दी ने पहले उसकी खातिरदारी की, फिर गीत के दूसरे शब्द वाले नाम के कमलप्रेमी की एंट्री हुई और कहानी ने करवट बदल ली। दो लोगों पर प्रकरण दर्ज हुआ, चौकीदार का मोबाइल जब्त हुआ और फिर 200 रुपये का जुर्माना भरकर मुक्ति मिल गई।वर्दी को भागते वक्त छोड़ा छोटा हर्जाना मिल गया। सवाल है—नौ वाहन पकड़ने वाली कार्रवाई का हिसाब आखिर दो प्रकरण और 200 रुपये में कैसे सिमट गया? बाकी खिलाड़ी कहां गए? क्या चौकीदार ही पूरे खेल का मालिक था या असली खिलाड़ी पर्दे के पीछे सुरक्षित रहे? कप्तान को खबर होने की चर्चा है, मगर खामोशी कायम है। कमलप्रेमी खुलकर बोल रहे हैं, लेकिन गीत के दूसरे शब्द वाले इतने ताकतवर बताए जाते हैं कि वर्दी भी उनके सामने बेबस नजर आती है। लगता है कानून का शिकंजा भी अब खिलाड़ी देखकर कसता है। छोटी मछली जाल में और बड़े खिलाड़ी पानी में... और चौकीदार की ड्यूटी अब शायद यही है कि अगली बार भी बाकी सबको पहले ही खबर कर दे! उस चौकीदार का काम भी यही है।पुराने अनुभवी है। चौकीदारी की दिहाड़ी लेते है और चुप रहते है। तो फिर हमारा तो काम ही आदत के अनुसार चुप रहना।

कप्तान के मुख्यालय के बाहर -वर्दी का कौन-सा शिष्टाचार चल रहा था?

अक्सर सुनी-सुनाई बातों में चावल को बिरयानी बनाकर परोस दिया जाता है। ऊपर से अपनी तरफ से मिर्च-मसाला और तड़का अलग। लेकिन जब आंखें खुद गवाह हों, तो उसे अफवाह कहकर कैसे टाला जाए! दिवाली बीत चुकी है, मगर शुभकामनाओं और गिफ्ट का सिलसिला अभी जारी है। यह शिष्टाचार है, लेकिन इसकी भी एक मर्यादा होती है। घर, दफ्तर या मुलाकात की जगह... सड़क पर गाड़ी रोककर गिफ्ट का आदान-प्रदान कुछ अलग ही कहानी कहता है। रविवार की शाम कप्तान मुख्यालय के बाहर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। पहले स्टारधारी वर्दी नजर आई। फिर 9294 नंबर की काले रंग की गाड़ी आकर रुकी। दो लोग उतरे। पहले एक गिफ्ट का थैला थमाया गया। फिर स्कॉर्पियो का पिछला दरवाजा खुला और मिठाई का थैला बाहर आया। अब पहले थैले में क्या था, यह देने वाला जाने या बाबा महाकाल! लेकिन सवाल थैले की सामग्री से ज्यादा उस जगह और तरीके का है। आखिर ऐसी कौन-सी आत्मीयता थी कि वर्दी को स्टेशन से बाहर सड़क पर आकर गिफ्ट स्वीकार करना पड़ा? क्या दफ्तर की चौखट इस शिष्टाचार के लिए छोटी पड़ गई थी? वैसे हम किसी पर कोई आरोप नहीं लगा रहे। न ही किसी थैले का वजन जानते हैं। बस आंखों ने जो देखा, वही लिखा है। बाकी जवाब जिनके पास है, वे ही बेहतर दे सकते हैं। हमारी आदत तो आप जानते ही हैं... सवाल ज्यादा हों तो आदत के अनुसार चुप हो जाते हैं।

एंग्रीमैन की दहाड़, मगरमच्छ के सामने मौन क्यों?

अपने एंग्रीमैन की पहचान ही यही है कि गलती पकड़ी नहीं कि मातहत के हाथ नोटिस थमा दिया। न सिफारिश की परवाह, न रसूख का लिहाज। कहते हैं, एंग्रीमैन डरते किसी से नहीं हैं। लेकिन शिवाजी भवन के गलियारों में इन दिनों एक सवाल तैर रहा है कि क्या यह दहाड़ सबके लिए बराबर है? मामला तब का है, जब एंग्रीमैन देश के बाहर थे। एक मातहत ऋषिकेश जाने के नाम पर अवकाश लेकर विदेश पहुंच गए। नियमानुसार विदेश जाने के लिए सक्षम अनुमति जरूरी थी। खुद एंग्रीमैन अनुमति लेकर विदेश गए थे, लेकिन मातहत शायद नियमों को अपनी सुविधा से पढ़ते हैं। यह कारगुजारी पर्दे में ही रहती, अगर उनकी सात जन्मों की साथी क्रोकोडाइल सोशल मीडिया पर रील अपलोड नहीं करतीं। रील आई, हंगामा हुआ और चर्चा चली कि एंग्रीमैन लौटेंगे तो कार्रवाई होगी। मगर वापसी के बाद भी कार्रवाई का इंतजार जारी है। अब चर्चा है कि मातहत पूर्व विधायक के भतीजे हैं। क्या यही रिश्तेदारी कार्रवाई की फाइल पर अदृश्य ब्रेक लगा रही है? यह सवाल है, जिसका जवाब प्रशासन को देना चाहिए। एंग्रीमैन! आपकी सख्ती पर किसी को संदेह नहीं। आप डरते किसी से नहीं हैं, तो फिर इस मगरमच्छ मातहत के मामले में कलम की स्याही सूखी क्यों है? नियम छोटे-बड़े देखकर नहीं चलते। अब देखना यह है कि न्याय की दहाड़ सुनाई देती है या फिर आप भी हमारी तरह चुप रहने का रास्ता चुनते हैं!

मौतों पर मातम था… किसी की दिवाली में ‘एक खोखा’ चमक रहा था

पिछले महीने के अंतिम दिन चार परिवारों के चिराग बुझ गए। घटना दुखद थी। चुप की ओर से सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं। लेकिन इसी घटनाक्रम के बीच खाद्य जगत में एक और हिसाब-किताब शुरू हो गया। चर्चा कमलप्रेमियों के बीच है। सवाल सिर्फ एक है— एक खोखा आखिर किस कमलप्रेमी की जेब में गया? बताते हैं, खाद्य जगत की इस व्हेल को पहली बार ऐसा जाल मिला कि हर कोई अपने हिस्से की मछली तलाशने लगा।कमलप्रेमी नेताजी ने अवसर को अवसर की तरह लिया। सेटिंग के नाम पर सौदेबाजी हुई और चर्चा है कि एक खोखे में बात बन गई। फिर जांच करने वालों से लेकर अपने रौब का सिक्का चलाने वालों तक, किसकी दिवाली कितनी रोशन हुई, इसकी अलग-अलग कहानियां बाजार में तैर रही हैं। व्हेल को लगता होगा कि खाद्य जगत के समुद्र में वह फिर सुरक्षित तैर रही है। लेकिन जनाब! समुद्र शांत दिखने का मतलब यह नहीं कि तलहटी में कुछ दबा नहीं है। स्टाफ की जुबान खुलने लगी है। खबरें छन-छनकर बाहर आ रही हैं और सबूतों की तलाश भी जारी है। अब आंखों पर पट्टी और हाथ में तराजू वाली न्याय की प्रतीक मूर्ति के सामने फरियाद लगाने की तैयारी की चर्चा है। क्योंकि सवाल , मौत के बाद बने मौके पर किसने अपनी रोटी सेंकी, इसका है। और एक खोखे का हिसाब अभी बाकी है!जिसका हिसाब व्हेल से न्याय मंदिर में लिया जाएगा। जब नोटिस जारी होंगें। अभी सबूत एकत्रित किए जा रहे है। तब तक हम अपनी आदत के अनुसार चुप हो जाते हैं।

2 से 15 तक... अब मंत्र नहीं, हिसाब-किताब का वक्त है!

इस महीने की 2 तारीख को चुप ने एक पॉइंट लिखा था— मंत्र बनाम प्लॉट। उसमें इशारा किया था कि जिस कम्पनी को पांच खोखे का अतिरिक्त काम मेहरबानी करके सौंपा गया, उसके पीछे कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की कथित हिस्सेदारी का गणित भी हो सकता है। तब बात पर्दे के पीछे थी, अब रविवार के निरीक्षण ने पर्दा थोड़ा और सरका दिया। उम्मीद जी, उज्ज्वल जी और एंग्रीमैन किसी दूसरे काम का जायजा लेने पहुंचे थे। लेकिन निरीक्षण की जद में गायत्री मंत्र का जाप करने वाले अधिकारी आ गए। उम्मीद जी का आदेश हुआ और कार्रवाई की गाज गिर गई। अब साहब को घर बैठना होगा। वैसे यह तो शुरुआत है। उम्मीद जी बैठक में पहले ही साफ फरमान सुना चुके हैं कि सिंहस्थ-2028 के निर्माण कार्य समय पर पूरे नहीं हुए तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है। इसका असर लोनिवि के गलियारों में अभी से सुनाई देने लगा है। वहां के कुछ साहब दिसंबर के बाद की छुट्टी को लगभग पक्का मानकर चल रहे हैं। चुप की सलाह बस इतनी है कि मंत्र जाप जरूर कीजिए, मगर कर्मों का हिसाब भी रखिए। क्योंकि अब 2 तारीख को उठे सवाल का जवाब 15 तारीख तक कार्रवाई में दिखने लगा है। आखिर जो बोया है, वही काटना होगा। बाबा महाकाल के दरबार में भी और सिंहस्थ की जवाबदेही में भी! बाकी हम अपनी आदत के अनुसार चुप ही रहेंगे।

मेरी पसंद

रहिमन चुप हो बैठिये, देख दिनन के फेरा।
जब नीके दिन आइहैं, बनत न लगिहैं देरा।

रहीम जी कहते हैं कि जब आपके जीवन में बुरा समय या विपरीत परिस्थितियां चल रही हों, तब मनुष्य को शांत और चुपचाप बैठकर समय के बदलने का इंतजार करना चाहिए। समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता। जब अच्छे दिन (नीके दिन) वापस आते हैं, तो बिगड़े हुए या रुके हुए काम बनने में ज़रा भी देर नहीं लगती। इसलिए मुश्किल घड़ी में घबराने के बजाय संयम रखना चाहिए।

.