23 नवंबर 2026 (हम चुप रहेंगे)
एक हुनर है चुप रहने का, एक ऐब है कह देने का |
गणपति जी की कृपा ऐसी... तबादला बेअसर, स्टे असरदार!
हेडिंग देखकर मंदिर या दक्षिणा का हिसाब लगाने की भूल मत कीजिएगा। यहां गणपति जी किसी देवस्थान के नहीं, बल्कि एक अधिकारी के पर्यायवाची हैं। कहानी तबादले से शुरू होती है। पदोन्नति हुई तो बाबा की नगरी छोड़कर दूसरे जिले जाना था। मगर सिंहस्थ-2028 का ऐसा मोह जागा कि तबादले पर स्टे लेकर यहीं विराजमान हो गए। दिलचस्प यह है कि सिंहस्थ की तैयारियों में इनका योगदान ढूंढने निकलें तो शायद फाइलों में भी न मिले। लेकिन विभागीय तकनीकी ज्ञान का जलवा ऐसा है कि दूसरे जिलों में इनकी तूती बोलती है। जब-जब दौरे पर निकलते हैं, वापसी में ब्रीफकेस का वजन और रौनक बढ़ने की चर्चाएं हैं। फ्रीगंज पुल के पास स्थित कार्यालय के गलियारों में किस्से खूब तैरते हैं। कुछ जिलों के मुखियाओं की नाराजगी भी इन चर्चाओं को हवा देती है। कहते हैं, गणपति जी का आगमन कई लोगों की जेब पर भारी पड़ता है। तकनीकी महारत ऐसी कि चुनौती देने से बेहतर लोग चुपचाप दक्षिणा देना उचित समझते हैं। अब सवाल यह है कि जब सिंहस्थ में भूमिका ही नहीं, तो फिर बाबा की नगरी छोड़ने में इतनी अड़चन क्यों? कहीं कुर्सी का मोह है या दक्षिणा की परंपरा का आकर्षण? खैर, हमें तो आदत के मुताबिक चुप ही रहना है। आखिर गणपति जी के सामने विघ्न डालने की हिम्मत कौन करे!
कुर्सी पिता को मिली, मुख्यमंत्री साहबजादे ने सोशल मीडिया पर बना दिया!
सियासत में कुछ सपने रात को आते हैं, कुछ दिन में देखे जाते हैं और कुछ तो साहबजादों के सोशल मीडिया अकाउंट से सीधे मुख्यमंत्री बनने की घोषणा कर देते हैं! अभी-अभी एक कथावाचक अल्प प्रवास पर आए थे। मंदिर में दर्शन किए, मुलाकातों का दौर चला और अपने उधारीलाल जी भी फोटो खिंचवाने पहुंच गए। फोटो खिंची, मुलाकात हुई और फिर साहबजादे ने सोशल मीडिया पर तस्वीर ऐसी कैप्शन के साथ पोस्ट की कि पिता की वर्तमान कुर्सी से भविष्य की कुर्सी तक का सफर एक ही लाइन में तय कर दिया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ पिता का नाम… बस, कल्पनाओं के घोड़े को राजनीतिक रेस में दौड़ा दिया! उधारीलाल जी कभी पंजाप्रेमी हुआ करते थे, दिग्गी राजा के खासमखास। वक्त बदला, सियासी हवा बदली तो कमलप्रेमी हो गए। विकासपुरुष की कृपा हुई, कुर्सी मिली और अब लगता है कि कुर्सी की पीठ पर बैठकर सपनों की उड़ान भी ऊंची हो गई है। कमलप्रेमियों के बीच चर्चा है— ये राजनीति है या मुंगेरीलाल के हसीन सपनों का नया सीजन? वैसे पिता को पद मिला है, पुत्र ने पोस्ट में प्रमोशन दे दिया। इसे कहते हैं घर बैठे राजनीतिक भविष्य का अग्रिम रिजर्वेशन! बाकी हम चुप हैं… क्योंकि सपनों पर टैक्स नहीं लगता, लेकिन कैप्शन कभी-कभी हकीकत से ज्यादा महंगे पड़ जाते हैं!
कमंडल का कमांडर निकला सुरक्षा घेरे का घुसपैठिया! पद बताया, तब जाकर थप्पड़ों की गिनती रुकी!
लोकतंत्र की रैली में विकासपुरुष आए तो सुरक्षा का घेरा भी लोकतंत्र की तरह खुला दिखाई दिया। मंच से उतरकर पैदल चलने का रास्ता बमुश्किल सौ मीटर था, लेकिन इस छोटी-सी दूरी में कमलप्रेमियों की इतनी घुसपैठ हो गई कि वर्दी वाले भी सोच रहे होंगे—सुरक्षा करें या नेताओं की आत्मीयता का सम्मान! अंदरखाने की खबर है कि सांदीपनि चौराहे पर विकासपुरुष के दूसरी ओर रवाना होने के दौरान कमंडल के एक मुखिया ने सुरक्षा नियमों को धता बताते हुए करीब पहुंचने की कोशिश की। राजधानी से आई सुरक्षा टीम को यह आत्मीयता कम, सुरक्षा में सेंध ज्यादा लगी। फिर क्या था, मुखिया को पकड़कर दो थप्पड़ ऐसी राजनीतिक भाषा में समझाए गए, जिसका अनुवाद प्रोटोकॉल की किताब में भी नहीं मिलता! बाद में साथी कमलप्रेमियों ने पद और पहचान बताकर बचाव किया। यानी थप्पड़ पड़ने तक लोकतंत्र बराबरी पर था, पद पता चलते ही सम्मान बहाल हो गया! कमलप्रेमियों की कार्यशैली भी गजब है—सुरक्षा घेरा तोड़ना अपना अधिकार, रोकना सुरक्षाकर्मी का अपराध और थप्पड़ पड़ जाए तो पद की पहचान सबसे बड़ा बचाव! बाकी हम चुप हैं… क्योंकि यहां नियम सबके लिए बराबर हैं, बस परिचय थोड़ा वजनदार होना चाहिए!
बैठक में दो फूफा प्रकट हुए… एक को कुर्सी नहीं मिली, दूसरे को हर बात में गुस्सा मिला!
सरकारी बैठकों में एजेंडा विकास का होता है, लेकिन कभी-कभी कुछ माननीय और अफसर अपने साथ नाराजगी का एजेंडा लेकर पहुंच जाते हैं। आम आदमी हो, मंत्री हो या आईएएस—फूफा बनने के लिए बस मनपसंद व्यवस्था में एक कमी काफी है! पशुपतिनाथ की नगरी की बैठक में दो फूफा प्रकट होने की खबर चुप तक पहुंची है। पहले फूफा बने एक मंत्री जी। सेना पर बयान के कारण पहले से चर्चाओं और सवालों में घिरे हैं। बैठक में मनपसंद कमरा नहीं मिला तो जमीन पर बैठकर ऐसी नाराजगी दिखाई कि प्रशासनिक गलियारों में मनुहार का नया अध्याय खुल गया। आखिरकार फूफा जी माने, तब जाकर व्यवस्था ने राहत की सांस ली। दूसरे फूफा देवी अहिल्या नगरी के पूर्व मुखिया, वरिष्ठ आईएएस साहब बताए जाते हैं। इन दिनों खान-पान-पर्यटन विभाग संभाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक बैठक में उनका मिजाज ऐसा रहा कि रात हो, सुबह हो या दोपहर—फटकार का मौसम चौबीसों घंटे जारी था। जो सामने आया, उसे फूफा वाली डांट का प्रसाद मिल गया! बैठक खत्म हुई, मगर दोनों फूफाओं के किस्से राजधानी के गलियारों में घूमते हुए चुप तक पहुंच गए। सरकारी बैठकों में विकास का रोडमैप कम बनता है, कभी-कभी फूफाओं के मूड का मौसम विभाग ज्यादा सक्रिय हो जाता है! बाकी हम चुप हैं… क्योंकि नाराज फूफा को मनाने में व्यवस्था पहले ही काफी व्यस्त है!
साहब को गाड़ी नहीं, चलता-फिरता हाइजीनिक पैकेज चाहिए!
गांधीसागर में रात 9 बजे प्रशासनिक अमले में अचानक हड़कंप मच गया। अगले दिन बैठक थी और बड़े साहब की सवारी के लिए तैयार वाहन को स्टाफ ने देखते ही रिजेक्ट कर दिया। वजह कोई तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि साहब की हाइजीनिक पसंद! वाहन साफ-सुथरा नहीं लगा तो फिर उसमें बैठना कैसे मंजूर होता? व्यवस्था करने वालों के हाथ-पांव फूल गए। इतनी रात में दूसरा वाहन कहां से आए? फिर फोन दौड़ा देवी अहिल्या नगरी की तरफ। गुजारिश हुई कि कोई पेटी पैक, एकदम नीट-क्लीन गाड़ी भेजी जाए। रात दो बजे गाड़ी पहुंची, तब जाकर इंतजामियों की सांस लौटी और कुछ घंटों की नींद नसीब हुई। बड़े साहब की स्वच्छता पसंद का सम्मान अपनी जगह, लेकिन प्रशासन में एक गाड़ी की सफाई पर आधी रात का ऑपरेशन चल जाए, तो समझिए हाइजीन के साथ हड़बड़ी भी हाई लेवल की है। ऐसा हम नहीं, चुप के सूत्र कहते हैं… और हमको तो बस चुप रहना है!
मशीन ने हाथ खड़े किए तो ऑपरेटर का ‘अपहरण’ कर लाए साहब!
शीर्षक पढ़कर अपराध की आशंका मत पालिए, यहां अपहरण किसी बदमाश ने नहीं, व्यवस्था ने किया है… वो भी सरकारी काम के लिए! कैबिनेट बैठक की तैयारियां कोई मामूली इवेंट मैनेजमेंट नहीं होतीं। इसमें अफसरों का चैन, कर्मचारियों की नींद और व्यवस्थाओं का इम्तिहान एक साथ होता है। गांधीसागर में आधी रात तक ऐसा ही प्रशासनिक रोमांच चलता रहा। पहले फोटोकॉपी मशीन ट्रैक्टर पर लादकर लाई गई। लगा, अब व्यवस्था के पहिए चल पड़ेंगे। लेकिन मशीन मौके पर पहुंचकर खुद सरकारी मूड में आ गई—चलने से साफ इनकार! अब मशीन को मनाएं या बैठक की तैयारी करें? दूसरे अनुभाग से मशीन बुलाने का फरमान आया। साथ में यह भी कि जो ऑपरेटर इसे चला सकता है, उसे भी उठाकर ले आओ। बस फिर क्या था, आदेश हुआ और ऑपरेटर की रात बैठक की व्यवस्था के नाम हो गई। मशीन चली, काम चला और आखिरकार अफसरों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। इस अद्भुत कार्यशैली को सलाम, जहां मशीन के साथ ऑपरेटर भी ऑन डिमांड उपलब्ध हो जाता है। प्रशासनिक दक्षता हो तो ऐसी—मशीन नखरे करे तो कर्मचारी हाजिर, बैठक रुके तो पूरी व्यवस्था हाजिर! इस अनूठे ‘अपहरण’ पर हम भी मुस्कुराकर आदतन चुप हो जाते हैं!
विकासपुरुष की डिमांड ऐसी… सारी तैयारियां धरी, मूंगफली उबली और साहब खुश!
स्वास्थ्य से समझौता नहीं, क्योंकि विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए सेहत भी दुरुस्त रहना जरूरी है। अपने विकासपुरुष खान-पान को लेकर इतने सतर्क हैं कि ‘स्वास्थ्य ही असली धन है’ वाली कहावत उनके जीवन में पूरी तरह फिट बैठती है। गांधीसागर में प्रशासन ने भी उनकी पसंद-नापसंद का पूरा ख्याल रखते हुए तमाम तैयारियां कर रखी थीं। आखिर पता नहीं साहब की डिमांड क्या आ जाए! लेकिन विकासपुरुष ने पहुंचकर ऐसी फरमाइश कर दी कि तैयारियों में जुटे अमले को भी शायद उम्मीद नहीं थी। डिमांड थी—उबली हुई मूंगफली! फिर क्या था, तत्काल गर्म पानी चढ़ा, मूंगफली उबाली गई, हल्का नमक पड़ा और दस मिनट में साहब की पसंद हाजिर। बाकी इंतजाम अपनी जगह और मूंगफली अपनी जगह! वीआईपी व्यवस्थाओं में मेन्यू से लेकर मशीनरी तक जुटाने वाला प्रशासन आखिर मूंगफली उबालने में भी पीछे कैसे रहता! यह किस्सा टूरिज्म से जुड़े चुप के सूत्रों का है। विकासपुरुष की इस अनूठी डिमांड पर हम भी मुस्कुराए… मगर आदत के मुताबिक हमको तो बस चुप रहना है!
सुरक्षा का पहरा विकासपुरुष के नाम, कमरे तीन और स्टाफ के हिस्से आया इंतजार!
जहां विकासपुरुष का रात्रि विश्राम हो, वहां सुरक्षा इंतजाम में कोई कोताही कैसे हो सकती है? सुरक्षा टीम को स्पष्ट निर्देश है कि साहब के शयनकक्ष से दूरी ज्यादा न हो। लिहाजा गांधीसागर के रेस्ट हाउस में सुरक्षा जवानों ने तीन कमरों में डेरा जमा लिया। बटन दबाते ही रोशनी वाले विभाग के कमरे सुरक्षा के लिहाज से मुफीद थे और टीम ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। लेकिन असली परेशानी मंत्रीजी को नहीं, उनके स्टाफ को हुई। अब मंत्रीजी के स्टाफ के ठहरने की जगह कहां हो? गुहार लगाई, अनुरोध किए, मगर सुरक्षा टीम अपने मोर्चे से हटने को तैयार नहीं। आखिर सुरक्षा कोई चाय की चुस्की तो है नहीं, जिसे जरूरत के हिसाब से हल्का कर दिया जाए! मामला जिम्मेदार अधिकारी तक पहुंचा। उन्होंने मौके की नजाकत समझी और सुरक्षा टीम को विकासपुरुष के नजदीक रहने के लिए बेहतर जगह दिखाई। रास्ता निकला, विवाद खत्म हुआ और दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली। सुरक्षा की अहमियत बरकरार रखते हुए सबको जगह दिला देना ही असली प्रशासनिक हुनर है। विवाद सुलझाने वाले अधिकारी को बधाई और ऊर्जा में तैनात चुप के जासूस को सलाम… बाकी हमको तो बस चुप रहना है!
इलायची के दाने हरे चाहिए, टॉवेल सफेद... प्रोटोकॉल की बारीकी में साहब का कमाल!
जब घर में बारात आ चुकी हो, तो घराती हर वक्त चौकन्ने रहते हैं। पता नहीं कब, कौन बाराती किस चीज की डिमांड कर दे। गांधीसागर की बैठक में शामिल एक सीनियर आईएएस बाराती ने भी यही रंग दिखाया। बैठक शुरू होने में महज 300 सेकेंड बाकी थे। अचानक फरमान आया—हरी इलायची चाहिए। बुलाए गए कर्मचारी को फिर वापस बुलाकर समझाया गया कि इलायची के भीतर दाने काले नहीं, हरे ही होना चाहिए! और कमाल देखिए, पांच मिनट के भीतर डिमांड पूरी। कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। विकासपुरुष जब बस में सवार होने वाले थे, तभी एक वर्दीधारी का फोन घनघना उठा। जिस सीट पर साहब विराजेंगे, वहां सफेद टॉवेल होना प्रोटोकॉल है। बस फिर क्या, तीन मिनट में सफेद, बेदाग टॉवेल सीट पर हाजिर! व्यवस्था की इस तत्परता को देखकर तारीफ तो बनती है। जिले के मुखिया को इस सूक्ष्म निगरानी के लिए सेल्यूट करते हुए, अपनी आदत के मुताबिक हम चुप हो जाते हैं।
वर्दी ने रोका, फोन ने खोला रास्ता… मीडिया के लिए अल्फा जी बने ‘पासवर्ड’!
“खूब समझते हैं हम यार तेरी फितरत, तुम हमें बुलाओ और दरबान हमें रोके…” शायर डॉ. बशीर बद्र का यह अशआर इस कॉलम में दूसरी बार दर्ज हो रहा है। पहली बार उज्जैन के हेलीपेड पर कमलप्रेमी नेताओं के साथ वर्दी का प्रोटोकॉल आड़े आया था। तब जिले के कमलप्रेमी जुगाड़ू लाल जी मुखिया थे। अब सालों बाद इतिहास ने बाबा पशुपतिनाथ की नगरी में फिर करवट ली, लेकिन इस बार शिकार कलमकार हुए। मीडिया कैंप दूर था, सरकारी भोंपू की टीम खुद कई स्थानों से लेकर मीडिया को लेकर कवरेज के लिए पहुंची थी। कार्ड दिखाने की जरूरत भी नहीं थी, फिर भी तीन सितारा साहब की वर्दी रास्ते में दीवार बन गई। सरकारी भोंपू के दो अधिकारियों को भी हड़काया गया। बात सुनने की बजाय रौब का प्रसारण ज्यादा हो रहा था। आखिर उज्जैन के एक मीडियाकर्मी ने अल्फा जी को फोन लगाया। घटनाक्रम सुनते ही फोन पर ऐसी क्लास लगी कि प्रवेश का रास्ता खुल गया। जिसके लिए अपने अल्फा जी को मीडिया की आवाज सुनने और अनावश्यक अड़ंगे हटाने के लिए कलमकार जगत की ओर से साधुवाद। वर्दी का सम्मान जरूरी है, मगर पत्रकारिता का रास्ता रोकना प्रोटोकॉल नहीं! बाकी… आदत के मुताबिक हम चुप हो जाते हैं।
माइक उठाकर खबरची पर चढ़े वकील साहब… विकासपुरुष ने मंच से ही लगा दी ‘कानूनी क्लास’!
गांधीसागर की प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। मंच पर विकासपुरुष निर्णयों का ब्यौरा दे रहे थे और सामने खबरची सवालों की तैयारी में थे। आमतौर पर ऐसी प्रेस कॉन्फ्रेंस सवाल-जवाब की औपचारिकता निभाकर विदा हो जाती है, लेकिन यहां प्रवक्ता वकील साहब ने इसे अखाड़ा समझ लिया। पंजाप्रेमी से कमलप्रेमी होकर प्रवक्ता बने वकील साहब शायद सवाल सुनने के बजाय सवालकर्ता को ही नापने निकल पड़े। जैसे ही खबरची ने सवाल शुरू किया, वकील साहब माइक उठाकर मंच से उनकी तरफ चल दिए। शायद इरादा था कि सवाल का जवाब माइक की दूरी से तय होगा! लेकिन विकासपुरुष की नजर पड़ गई। तत्काल टोक दिया—माइक इधर रख दीजिए! बस फिर क्या था, चेहरे के भाव ऐसे बदले कि कैमरे होते तो अलग से क्लोजअप मांग लेते। चुप के गोपनीय सूत्र का दावा है कि वकील साहब छब्बे जी बनने निकले थे, मगर विकासपुरुष ने सार्वजनिक मंच पर ही दुबे जी बना दिया। अब बाबा की नगरी के निवासी प्रवक्ता साहब घटना पर मौन हैं। इसलिए हम भी उनकी मौन साधना का सम्मान करते हुए आदत के मुताबिक चुप हो जाते हैं।
‘10 बनाम 10’… गणित में पास, प्रशासन में पूरे नंबर!
पशुपतिनाथ नगरी के मुखिया ने गणित का एक ऐसा सवाल हल कर दिखाया, जिसमें पूरे 100 प्रतिशत अंक मिलते हैं। पोस्टिंग के महज 90 दिनों में प्रदेश की सबसे बड़ी बैठक को बिना किसी शिकायत, व्यवधान और अव्यवस्था के संपन्न कराना कोई मामूली उपलब्धि नहीं है। यह प्रबंधन, समन्वय और टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण है। केबिनेट बैठक पर नजर रखने वाली बड़े साहब की टीम जाते-जाते पहले साढ़े नौ और फिर पूरे 10 अंक देकर गई, तो समझिए परीक्षा कठिन थी, लेकिन उत्तर पुस्तिका शानदार रही। इस सफलता में उम्मीद जी और अल्फा जी का योगदान भी कम नहीं रहा। अपने अनुभव से उन्होंने न केवल दिव्य-अंश को फ्री हैंड दिया, बल्कि हर चुनौती पर रास्ता सुझाकर भरोसे की ढाल भी बने। ऐसी उपलब्धियों पर आलोचना नहीं, दिल से सेल्यूट बनता है। बाकी हम अपनी आदत के मुताबिक चुप हो जाते हैं।
मेरी पसंद
जिनको गुज़रे हुए मुद्दतें हो गईं, बस वही लोग पीछा नहीं छोड़ते।
उसने छोड़ा है इंसान बिखरा हुआ हम तो जूता भी उल्टा नहीं छोड़ते
विष्णु विराट