10 नवंबर 2026 (हम चुप रहेंगे)
एक हुनर है चुप रहने का, एक ऐब है कह देने का |
त्योहार भी दो किस्म के... कहीं बधाई, कहीं मंगलकामना! शब्दों के व्याकरण में विकासपुरुष का जवाब नहीं!
पाठकों ने रंगों की भाषा तो खूब देखी-सुनी होगी। मगर शब्दों की भी अपनी रंगत होती है। खासकर जब उनकी व्याख्या अपने विकासपुरुष करें तो सामान्य शब्द भी ज्ञान का नया अध्याय बन जाते हैं। रविवार की दोपहर हेलीपेड पर यही नजारा देखने को मिला। उड़नखटोले से उतरते ही अल्फा जी और उम्मीद जी ने गुलदस्ता भेंटकर दीपावली की मंगलकामनाएं दीं। बस, विकासपुरुष ने शब्द पकड़ लिया। बोले, दीपावली पर बधाई दी जाती है, मंगलकामना नहीं। दोनों शब्दों में बड़ा अंतर है। फिर समझाया कि जिस त्योहार पर खूब खाने-पीने का माहौल हो, मसलन दीपावली और होली, वहां बधाई दीजिए। और जहां उपवास का वातावरण हो, वहां मंगलकामना शब्द ज्यादा मुफीद है। इस शब्दकोशीय व्याख्या पर ठहाका भी लगा। सरकारी भोंपू की तस्वीरों में उम्मीद जी और विकासपुरुष की मुस्कान इसकी गवाही दे रही है। वैसे शब्दों की इतनी बारीक समझ और मौके पर सही शब्द पकड़ने की कला वाकई काबिल-ए-तारीफ है। अब तो अगली बार गुलदस्ता लेकर जाने वालों को भी शब्दों का चयन सोच-समझकर करना पड़ेगा। आखिर विकास की भाषा में एक शब्द भी गलत हो जाए, यह कैसे मंजूर हो सकता है! हम भी इस ज्ञान को गांठ बांधकर अपनी आदत के मुताबिक चुप हो जाते हैं।
हॉट-टॉक दूरभाष पर... बुलडोजर चला आश्रम पर, गर्मी चढ़ी सियासत के गलियारों में!
बुलडोजर की आवाज तो आश्रम की दीवारों तक सीमित थी, लेकिन उसकी गूंज सत्ता के गलियारों में दूर तक सुनाई दी। मामला हाइनेस के क्षेत्र का था। आश्रम संचालक की आंखें नम थीं, मंदिर भी कार्रवाई की जद में आया था। हाइनेस जब आश्रम पहुंचे तो उनका पारा चढ़ना स्वाभाविक था। पहला फोन उज्ज्वल जी को लगाया। सवाल सीधा था—मेरे क्षेत्र में बुलडोजर चल गया और मुझे खबर तक नहीं! इसके बाद मेट्रो गली के नेताजी का नंबर घुमाया। नेताजी 2028 आयोजन की कमान संभाल रहे हैं। बस फिर क्या था, दूरभाष पर ऐसी हॉट-टॉक हुई कि फोन के दोनों तरफ गर्मी महसूस होने लगी! मौके पर मौजूद एक नगरसेवक इस पूरे घटनाक्रम के गवाह बताए जा रहे हैं। फिर कहानी ने अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। एक ने दूसरे को सुनाई, दूसरे ने तीसरे को और तीसरे के रास्ते एक कमलप्रेमी ने हम तक पहुंचा दी। चर्चा में संवादों के अलावा कुछ ऐसे शब्द भी शामिल हैं, जिन्हें छापने की हमारी हिम्मत नहीं। और कमलप्रेमियों की जुबान पर तो हमारा पहरा नहीं है। गजब है! बुलडोजर चलाने से पहले खबर नहीं, लेकिन फोन पर हॉट-टॉक की खबर पूरे शहर में पहुंच गई! अब इसे क्षेत्राधिकार का सवाल कहें या आपसी अधिकार का,फैसला चुप के पाठकगण खुद करें।हमें तो अपनी आदत के अनुसार चुप रहना है।
समाहरणालय की डिमांड... गुरुजी की पेंशन या कमीशन की रसीद!
समाहरणालय! नाम सुनते ही सरकारी व्यवस्था का पूरा तंत्र आंखों के सामने आ जाता है। वेतन, भत्ते, बिल और पेंशन... यहां की एक मोहर से हजारों परिवारों के घर का चूल्हा जलता है। मगर इसी व्यवस्था के गलियारों में यदि डिमांड की चर्चा होने लगे तो सवाल उठना लाजिमी है। चर्चा है कि यहां भी काम की अपनी रेटलिस्ट है। सबसे आसान शिकार सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। आरोप है कि रिटायरमेंट के बाद पेंशन शुरू करवाने के लिए गुरुजी से एक पेटी की मांग की गई। जिन्होंने कथित डिमांड पूरी की, उनका रास्ता आसान और जिन्होंने इनकार किया, वे दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर! जून में सेवानिवृत्त हुए एक शिक्षक 60 दिन बाद भी पेंशन के इंतजार में हैं। वजह बताई जा रही है कि उन्होंने डिमांड के आगे सिर झुकाने से इनकार कर दिया। विडंबना देखिए, जीवनभर बच्चों को ईमानदारी का पाठ पढ़ाने वाले गुरुजी को अब अपनी ही मेहनत की कमाई पाने के लिए परीक्षा देनी पड़ रही है। इनमें कुछ ऐसे भी हैं जिनकी विकासपुरुष तक सीधी पहुंच है।वह चाहे तो एक फोन पर अपना काम करवा सकते है। किंतु विकासपुरुष को बोलने में हिचकते है। जबकि कालेज में विकासपुरुष के जूनियर थे।उन तक वाया-वाया सूचना भेजी गई। 1 पेटी दो-पेंशन शुरू। सवाल है, क्या पेंशन सरकारी अधिकार है या किसी की कृपा? गुरुजी ने जिंदगीभर देश का भविष्य बनाया, अब बुढ़ापे में अपनी पेंशन पाने के लिए किसका भविष्य संवारें? अब हम क्याकर सकते हैं! व्यवस्था की इस पाठशाला में फिलहाल चुप रहना ही हमारी मजबूरी है।
12 में जोड़ो 8... जवाब 20! कमीशन का गणित बड़ा निराला है!
शीर्षक देखकर गणित के किसी नए फार्मूले की तलाश मत कीजिए। 12+8=20 तो सबको पता है। मगर इन 12 और 8 के पीछे छिपा खेल हर किसी को नहीं पता। इन दिनों एक हॉस्टल कांड चर्चा में है। छात्राओं की शिकायत से लेकर संकुल तक हलचल है। उसी विभाग से जुड़ा है यह कथित कमीशन का गणित। प्रस्ताव अपने उज्ज्वल भविष्य की तलाश में आगे बढ़े और अनुशंसा के लिए चीलगाड़ी से लेकर बाऊजी तक की उड़ान भर आए! बस, फिर शुरू हुआ फोन पर 12 मेरे, 8 तुम्हारे का हिसाब-किताब। कमलप्रेमियों में इसकी चर्चा खूब है। किसने फोन घुमाया, किसके हिस्से में क्या आया और किसने गणित बैठाया, यह सब जानने वाले जानते हैं। हम भी नाम और नंबर जानते हैं, लेकिन व्यवस्था के इस पहाड़ में कंकड़ बनने की हमारी कोई इच्छा नहीं। इसलिए आदत के मुताबिक हम चुप रहेंगे!
ढाई पेटी लौटी, चौकी की कुर्सी भी बदली
आमतौर पर हम चुप रहेंगे' में इशारों-इशारों में किसी गड़बड़ी का पता दिया जाता है। फिर लिखने के बाद हम भी चुप और मामला भी अपने हाल पर छोड़ देते हैं। लेकिन इस बार चुप की खबर ने वाकई कुछ हलचल पैदा की। कुछ दिन पहले लिखा था- ढाई पेटी का खेला, रात ढाई बजे... फोन आया, रकम वापस! मामला एक इंदौरी व्यापारी को रात में बुलाकर सौदेबाजी करने और फिर ट्रक छोड़ने का था। घटना अपने पंजाप्रेमी चरणलाल जी के इलाके की थी। शिकायत कप्तान तक पहुंची। तीन सितारों वाले साहब ने भी चौकी प्रभारी को दूरभाष पर ऐसी तड़ी पिलाई कि ढाई पेटी वापस लौटा दी गई थी।जिसकों चुप ने उजागर किया था। लेकिन कहानी का असली सुखद मोड़ अब आया है। कप्तान ने कुछ दिन बाद चौकी प्रभारी को ऐसी जगह शिफ्ट कर दिया, जहां ऊपरी कमाई की गुंजाइश ही खत्म हो गई। यानी रकम लौटाने के साथ कमाई का रास्ता भी बंद! इस पूरे एक्शन की खबर भी वर्दी के भीतर से ही मिली है। कप्तान का यह कदम बताता है कि शिकायत सुनना ही काफी नहीं, उस पर कार्रवाई करना भी जरूरी है। आखिर वर्दी की असली चमक सितारों से नहीं, उसके ईमानदार फैसलों से बढ़ती है। इस कार्रवाई के लिए कप्तान को 'चुप' की तरफ से साधुवाद और बधाई। बाकी अब इतना ही... जब कप्तान जाग रहे हों तो चुप को भी ज्यादा बोलने की जरूरत नहीं। इसलिए हम चुप हो जाते हैं!
गिफ्ट भी लीजिए... मगर पहले वीडियो देख लीजिए!
दिवाली पर मिठाई खिलाना, गिफ्ट देना और बधाई देना पुरानी परंपरा है। लेकिन इस बार फटाफट जी ने इस परंपरा में एक नया पैकेज जोड़ दिया ! गिफ्ट के साथ वीडियो भी! आखिर मिठास के साथ सफाई का स्वाद भी तो जरूरी है। दरअसल, मंदिर के कर्मचारियों ने एक संतश्री से नियम का पालन क्या करवा दिया, मामला मंदिर की दहलीज लांघकर प्रदेश से होते हुए देश के टॉप लेवल तक जा पहुंचा। अब संकट के बादल किसके सिर मंडरा रहे हैं, यह तो वही जानें, लेकिन ऐसे वक्त में नेताओं और नौकरशाहों को भगवान के बाद सबसे ज्यादा याद खबरचियों की ही आती है। सो फटाफट जी ने भी मौके का दस्तूर समझा। चुनिंदा खबरचियों को अलग-अलग बुलाया। हाथ में गिफ्ट थमाया और साथ में घटना का वीडियो भी दिखाया। संदेश साफ था- गिफ्ट रखिए, लेकिन हमारी तरफ भी देखिए! वीडियो देखकर समझिए कि गलती हमारी नहीं, फिर भी हमें बकरा बनाया जा रहा है। मंदिर के गलियारों में तो यही चर्चा है। उधर फटाफट जी इस बार विकासपुरुष के दिवाली भ्रमण में भी नजर आए। वरना ऐसे आयोजनों से उनकी दूरी किसी से छिपी नहीं है। अब सवाल यह है कि गिफ्ट की मिठास और वीडियो की दलील कितनी काम आती है? बाबा महाकाल गिफ्ट की लाज रखते हैं या नियम की, यह वक्त बताएगा। तब तक हम अपनी आदत के अनुसार चुप हो जाते हैं।
मंदिर में दर्शन या दफ्तर में दरबार... कौन हैं ये विशेष मैडम जी?
चुप की आदत है। किसी अधिकारी की निजी जिंदगी में झांकना हमारा शौक नहीं। लेकिन जब निजी जिंदगी सरकारी कुर्सी और कार्यस्थल तक पहुंच जाए, तब सवाल पूछना पत्रकारिता की ड्यूटी बन जाता है। मंदिर के एक सहायक अधिकारी का दफ्तर इन दिनों कुछ खास मेहमानों की मेजबानी के लिए भी चर्चित है। चर्चा है कि अलग-अलग दिनों में अलग-अलग मैडम जी मंदिर पहुंचती हैं। उनके स्वागत में ई-कार्ट हाजिर रहती है। मैडम ठसक के साथ आती हैं और घंटों साहब के कक्ष में विराजमान रहती हैं। बाहर सुरक्षा का ऐसा पहरा कि कोई परिंदा भी भीतर झांकने की हिम्मत न करे। अब सवाल यह है कि मंदिर में आने वाली इन विशेष अतिथियों का परिचय क्या है? क्या ये आधिकारिक मेहमान हैं, श्रद्धालु हैं या साहब की निजी मेहमाननवाजी का हिस्सा? अगर सब कुछ नियमों के दायरे में है तो फिर इतनी गोपनीयता क्यों? मंदिर में आम श्रद्धालु को व्यवस्था के नाम पर इंतजार करना पड़ता है और कुछ मेहमानों को ई-कार्ट से सीधे साहब के दरबार तक पहुंच मिलती है! आखिर मंदिर में वीआईपी दर्शन की नई परिभाषा यही है क्या कि भगवान के दर्शन बाद में, पहले साहब के दर्शन! नाम पूछो तो सब चुप। सो हम भी आदत के मुताबिक चुप हैं। मगर सवाल अपनी जगह कायम है।
चिराग तले अंधेरा... नाक के नीचे वर्दी से वसूली का खेल!
कहावत पुरानी है, मगर रखरखाव के नाम पर वर्दी में इसकी नई मिसाल देखने-सुनने को मिल रही है। आम आदमी से वसूली हो तो वर्दी की सख्ती समझ आती है, असामाजिक तत्व जेब गर्म करें तो शायद व्यवस्था का हिस्सा मान लिया जाता है। लेकिन जब स्टारधारी वर्दी से अदना वर्दीधारी हर महीने वसूली करने लगे, वह भी रखरखाव के नाम पर, तो सवाल उठना लाजिमी है। चर्चा है कि यह मासिक हिसाब-किताब यहीं खत्म नहीं होता। ऊपर से अलग कमाई और एक खास जिम्मेदारी कप्तान जी के मूड की खबर रखने की! यानी नौकरी वर्दी की, मगर दिलचस्पी चौकीदारी से ज्यादा कप्तान के मिजाज की निगरानी में। हैरानी यह कि वसूली करने वाले कथित किरदार 52 पत्तों के भी बड़े शौकीन बताए जाते हैं। जिले का हर वर्दीधारी इस चर्चा से वाकिफ है, लेकिन नाम पूछते ही सबकी जुबान पर ताला लग जाता है। कप्तान जी इससे अनजान बताए जाते हैं। अगर यह सच है तो खुफिया तंत्र की इससे बड़ी नाकामी क्या होगी? कप्तान की नजर अपराधियों पर है, मगर अपनी ही वर्दी के भीतर चल रहे कथित खेल पर नहीं! अब जांच कौन करे और किसकी करे? हमकों भी वर्दी के सूत्र नाम नहीं बता रहे। बस हमसे आग्रह किया। दिवाली के मौके पर यह गिफ्ट चाहिए।चुप से। तो वर्दीधारी चुप का यह उपहार स्वीकार करें।बाकी हमकों चुप रहना है।
लड्डू-मिठाई की मिठास ऐसी घुली, जांच में सब बेदाग निकले...!
संकुल से लेकर दमदमा तक इन दिनों लड्डू-मिठाई की खूब चर्चा है। पहले ही स्पष्ट कर दें, इसे दीपावली की मिठाई समझने की भूल मत कीजिएगा। यहां लड्डू-मिठाई महज कोडवर्ड हैं। मामला जेब गर्म करने के कथित खेल से जुड़ा है। पढ़ने-लिखने वाले विभाग से जुड़े निर्माण कार्य करने वाले एक विभाग की कहानी है। दमदमा के 16वें तीर्थंकर ने मई में इसकी जांच शुरू करवाई थी। जांच की कमान सौंपी गई संकुल में विराजमान एक ज्ञापन-अधिकारीको। नियम से जांच 30 दिन में पूरी होनी थी, लेकिन सरकारी जांच की चाल देखिए, पांच महीने से ज्यादा वक्त लगा और नतीजा आया तो सबको क्लीन चिट! अब सवाल यह है कि जिस जांच में इतना वक्त लगा, उसमें ऐसा कौन-सा चमत्कार हुआ कि सारे दाग धुल गए? संकुल और दमदमा के गलियारों में चर्चाएं हैं, सवाल हैं और तंज भी। लोग बस एक शेर सुना रहे हैं— रिश्वत के भी दो पहलू हैं, लोगे तो फंसा देगी, दोगे तो छुड़ा देगी! अब गेंद 16वें तीर्थंकर के पाले में है। रिपोर्ट को स्वीकार कर नस्तीबद्ध करते हैं या फिर विकासपुरुष के सपनों की दुहाई देकर निष्पक्ष और नए सिरे से जांच करवाते हैं? क्योंकि क्लीन चिट मिलना और बेदाग साबित होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। बाकी, हमको तो चुप ही रहना है। सवाल करने वालों की कमी थोड़े ही है!
पहले प्रेसनोट, फिर समय बताया... फिर थाली भी सजा दी
सोमवार की शाम 5:51 बजे कमलप्रेमी संगठन ने सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी किया। आज के मिलन समारोह और 17 तारीख को लेकर होने वाले कार्यक्रम की सूचना थी। चार मिनट बाद समय बताया गया कि कार्यक्रम आज सुबह 10 बजे है। फिर आठ मिनट बाद तीसरा फरमान आया— सभी खबरची आमंत्रित हैं, सहभोज भी होगा। बस, यहीं आमंत्रण की मिठास में सवालों का तड़का लग गया। मीडिया में जमीर को जिंदा रखकर कबीर की परंपरा निभाने वालों ने पूछना शुरू कर दिया कि आखिर यह कैसी तैयारी है? पहले प्रेसनोट, फिर समय और अंत में भोजन का न्योता! क्या दाल वाले नेताजी के यहां फैसले पहले हो जाते हैं और दिमाग बाद में लगाया जाता है? या फिर नेताजी की रसोई में भी सब्जी की तरह निर्णयों में तड़का आखिरी वक्त पर लगता है? चर्चा तो यह भी है कि दाढ़ी वाले प्रवक्ता को जैसा आदेश मिला, उन्होंने वैसा ही प्रेसनोट तैयार कर दिया। अब उन्हें क्या मालूम कि आमंत्रण की तीन किश्तें मीडिया में एक नई कहानी लिख देंगी। सवाल सहभोज का नहीं, सोच का है। पत्रकारों को खबर के लिए बुलाया जा रहा है या थाली के साथ विचारों की नजदीकी बढ़ाने की कोशिश है? खैर! संगठन अपनी दाल गलाए, हम तो अपनी आदत के मुताबिक चुप हैं।
पद जितना बड़ा, निजी जिंदगी उतनी छोटी... फिर भी ऊर्जा का नाम विकास!
रविवार को विकासपुरुष का आगमन हुआ था। सोमवार को फिर लौटकर मैदान में नजर आए। ग्रामीण क्षेत्र के दिवाली मिलन समारोह में पहुंचे, ग्रामीणों के बीच बैठकर भोजन किया और आत्मीयता का परिचय दिया। कार्यक्रमों की व्यस्तता ऐसी रही कि वीआईपी निवास लौटते-लौटते मंगलवार की तारीख लग गई। इस बार न मुलाकातों का सिलसिला चला, न अधिकारियों से बातचीत हुई। प्रशासनिक अमले को बाहर से ही विदा कर दिया और खुद विश्राम गृह की ओर चले गए। इसमें कोई नाराजगी नहीं, बल्कि एक थके हुए इंसान की स्वाभाविक जरूरत दिखाई देती है। आखिर पद कितना भी बड़ा हो, शरीर तो इंसान का ही है। ऊर्जा का भंडार कहलाने वाले व्यक्ति को भी विश्राम चाहिए। सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि जितना बड़ा पद मिलता है, उतनी ही छोटी होती जाती है निजी जिंदगी। हर पल जनता, हर समय कार्यक्रम और हर कदम पर जिम्मेदारी। इसलिए कभी-कभार विश्राम भी जरूरी है। क्योंकि विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए विकासपुरुष का स्वस्थ और ऊर्जावान रहना भी उतना ही जरूरी है।जितना हमारा अपनी आदत के अनुसार चुप रहना जरूरी है।
मेरी पसंद...
ऐसी वैसी बातों से तो अच्छा है खामोश रहो।
या फिर ऐसी बात कहो जो खामोशी से अच्छी हो।
डॉ नवाज देवबंदी